दूसरे दिन भी दर्जनों अतिक्रमणकारियों के काटे चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी से मलपुर तक स्थानीय प्रशासन, पुलिस व फोरलेन निर्माण कंपनी के साथ बद्दी से भुड्ड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को भी कई अतिक्रमणकारियों के चालान काटे गए। बद्दी के एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि दूसरे दिन भी अतिक्रमण करने वाले लोगों के चालान किए। इसमें आइडल पार्किंग, ओवर लोडिंग व रेहड़ी फड़ी के चालान काटे गए। फोरलेन पर निर्माण कार्य चल रहा है और अतिक्रमण के चलते निर्माण कंपनी को काम करने में दिक्कत पेश आ रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अतिक्रमण हटाओ अभियान वीरवार को भी जारी रहेगा।
उधर, एनएचएआई के प्रोजेक्ट प्रभारी असमन खान ने बताया कि दूसरे दिन भुड्ड से मानपुरा तक अतिक्रमण हटाया गया। यह अभियान नालागढ़ तक जारी रहेगा। अतिक्रमण के चलते मार्ग बनाने में निर्माण कंपनी को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए यह शुरू किया गया है।
इनसेट
धर्मपुर से परवाणू तक हटाई ढाई दर्जन रेहड़ी-फड़ी
परवाणू(सोलन)। एनएचएआई की ओर से सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने कि कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को एनएचएआई की ओर से संबंधित विभागों के साथ मिलकर धर्मपुर से परवाणू तक सड़क किनारे लगी रहड़ियों, दुकानों, ढाबों से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान ढाई दर्जन से अधिक रेहड़ियों को हटाया गया। उधर, एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इसमें एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप, एएसपी परवाणु मेहर पंवार, बीडीओ धर्मपुर प्रवीण, पुलिस दल, एनएचएआई व अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।