नप नालागढ़ ने की अवैध तौर पर बैठक तहबाजारियों पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर की सड़कों पर अतिक्रमण करके बैठे अतिक्रमणकारियों को नगर परिषद ने न केवल हटाया, बल्कि उनका सामान भी जब्त कर लिया। नप की टीम ने रेहड़ी-फड़ी धारकों के साथ सड़कों पर सामान सजाए बैठे दुकानदारों का सामान हटवाया और कइयों का कब्जे में लिया। बुधवार को परिषद ने शहर में अवैध रूप से सड़कों पर कब्जा जमाने वाले करीब दो दर्जन अतिक्रमणकारियों को हटवाया। परिषद ने चार का सामान जब्त किया और एक का चालान काटा। नप सेनेटरी सुपरवाइजर हेमराज ने नगर परिषद कर्मियों के साथ नालागढ़ शहर के बाजारों का दौरा किया और कार्रवाई की। उधर, नगर परिषद नालागढ़ के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि परिषद की इस कार्रवाई में करीब दो दर्जन रेहड़ी-फड़ी धारकों सहित सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों को हटवा दिया गया। चार तहबाजारियों का सामान जब्त किया गया है और एक का चालान काटा गया।