सोलन मालरोड पर स्नैचिंग मामले में लोगों द्वारा पकड़ा गया युवक। संवाद
घटना के दौरान माल रोड पर जुट गई थी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला मुख्यालय सोलन के माल रोड पर दिनदिहाड़े ही एक महिला से रुपये छीनने का मामला सामने आया है। महिला एटीएम से पैसे निकालने के बाद बाहर निकल रही थी तभी युवक उसके हाथ से 5000 रुपये छीनकर फरार हो गया। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। हालांकि इसमें मामला दर्ज नहीं हुआ है। महिला और युवक के बीच समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार शहर के माल रोड पर दोपहर करीब 1:15 बजे एसबीआई एटीएम से जैसे ही एक महिला पैसे निकालकर बाहर निकली तो बाहर एक युवक पहले से ही घात लगाए मौजूद था, उसने मुंह को रूमाल के साथ ढका हुआ था। उसने एकदम से महिला के हाथ से पैसे छीन लिए और पुराने डीसी चौक की तरफ भागने लगा, महिला के चिल्लाने पर स्थानीय लोगों ने उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। इस बीच माल रोड में लोगों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई। पकड़े जाने पर युवक ने महिला को पैसे लौटा दिए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक घटनाक्रम चलता रहा। युवक महिला से माफी मांगता रहा और भीड़ से उसे छुड़वाने का आग्रह करता रहा। हालांकि बाद में महिला ने युवक को भीड़ से छुड़वा दिया और दोनों के बीच समझौता भी हो गया है। जिस कारण पुलिस की ओर कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला के कहने पर स्थानीय लोगों ने भी युवक को छोड़ दिया।