ट्रक से चूरापोस्त और धर्मपुर में कार सवार युवकों से चिट्टा बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो दिन में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13.630 किलोग्राम चूरापोस्त और 22.27 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिए हैं।
जानकारी अनुसार पहले मामले में पुलिस थाना धर्मपुर की टीम जब गश्त पर मौजूद थी, तो गुप्त सूचना के आधार पर एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक से 13.630 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान हरिदत्त निवासी गांव खील बड़सेर कुमारहट्टी और जितेंद्र कुमार निवासी गांव रुन्दन घोड़ो कुमारहट्टी सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
युवकों से 11.27 ग्राम चिट्टा बरामद
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर थाना क्षेत्र के तहत जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली तो तीन युवकों से 11.27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान गौरव वर्मा निवासी न्यू कथेड़ सोलन, शुभम ठाकुर निवासी गांव धार सलोगड़ा और वीरेंद्र कुमार निवासी न्यू कथेड़ चंबाघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल गाड़ी को जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पट्टा मोड़ पर चिट्टे के साथ ठियोग का युवक गिरफ्तार
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर पुलिस टीम ने पट्टा मोड़ में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 11 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय निवासी गांव पालवी डाकखाना शिलारू तहसील ठियोग जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी।