सनवारा टोल प्लाजा के समीप पुलिस ने की कार्रवाई
सोलन के आसपास छात्रों को सप्लाई की फिराक में थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुलिस ने युवक और युवती को 2540 प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी इन दवाओं को युवाओं को बेचने की फिराक में थे। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 18 मार्च को एसआईयू सोलन की टीम जब गश्त पर धर्मपुर से परवाणू जा रही थी तो गुप्त सूचना मिली कि टोल प्लाजा सनवारा के पास स्कूटी सवार युवक और युवती नशीली दवाएं लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने जब स्कूटी सवार युवक और युवती को रोककर जांच की तो 2540 प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं। आरोपी मुकेश निवासी गांधी मोहल्ला चौक बाजार सोलन और पूजा निवासी मशोबरा शिमला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दवाओं का कोई भी लाइसेंस नहीं दिखा पाए। दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी जांच के लिए ड्रग निरीक्षक के हवाले कर दिया गया। स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि युवक और युवती इन नशीली दवाओं को सोलन व आपपास युवाओं व छात्रों को सप्लाई करने की फिराक में थे। मामले की जांच जारी है।