सोलन। अदालत के आदेशों की अवहेलना कर लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को परवाणू पुलिस की पीओ सेल टीम ने मनीमाजरा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी दीपक निवासी गांव हरपालू सांवल, तहसील राजगढ़, जिला चूरू राजस्थान के खिलाफ वर्ष 2016 में पुलिस थाना परवाणू में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोप पत्र (चार्जशीट) तैयार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। वह लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ। न्यायालय ने 13 जून 2022 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। परवाणू पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना और निरंतर निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को मनीमाजरा से दबोच लिया। मामले की पुष्टि एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने की है।