नालागढ़ (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर पीजी कॉलेज के समीप एक बाइक के ट्रक की चपेट में आने से नालागढ़ के वार्ड नंबर आठ की महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति व बच्ची घायल हो गए हैं। उन्हें जख्मी हालत में नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही एसडीएम हरिकेश मीणा व डीएसपी खजाना राम मौके पर पहुंचे तथा घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया।
वार्ड नंबर आठ के मुकेश कुमार अपनी पत्नी रीता और बच्ची के साथ बाइक पर सवार होकर पीर स्थान से नालागढ़ आ रहे थे। करीब छह बजकर 35 मिनट पर बाइक पर कॉलेज के सामने चढ़ाई में पहुंचे तो नालागढ़ की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे बाइक सड़क पर गिर गई। गिरने से रीता के सिर पर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी छोटी बच्ची व पति को चोटें आई हैं। ट्रक चालक घटना के बाद मौके से भाग गया है। बताया जा रहा है कि जहां पर यह दुर्घटना हुई है, वहां पर सड़क के किनारे मिट्टी का ढेर लगा हुआ था। डीएसपी खजाना राम ने बताया कि उन्होंने घायलों को चिकित्सालय भेज दिया है।
महिला का शव कब्जे में लेने के बाद डेड हाउस भेज दिया गया है। महिला वार्ड नंबर 8 की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने चालक के खिलाफ 279,337, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।