नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 4 अक्तूबर को होगी परीक्षा
प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) 4 अक्तूबर को स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित करेगी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और राष्ट्रबोध को बढ़ावा देना है। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
परिषद का मानना है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पाठ्यक्रम तक सीमित शिक्षा पर्याप्त नहीं है। उन्हें देश-दुनिया, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, समसामयिक विषयों और समाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी होना आवश्यक है। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान का परीक्षण करने का अवसर प्रदान करेगी। साथ ही, इससे स्वस्थ शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रतियोगिता का नाम महान विचारक और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के नाम पर रखा गया है। विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया था।
जिला संयोजक अर्पित ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सामान्य ज्ञान केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को अपने समाज, प्रदेश और राष्ट्र को बेहतर ढंग से समझने में सहायता करता है। अर्पित ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे अपने विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।