नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के वार्ड दो में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। युवक का शव नालागड़ के डिग्री कॉलेज के समीप सीडीपीओ कार्यालय की चारदीवारी के अंदर मिला है। मृतक की बाजू में एक सिरिंज भी लगी हुई थी।
इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की नशे की ओवर डोज लेने पर मौत का शिकार हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जहां शाम को युवक का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार नालागढ़ के वार्ड दो के सतीश कुमार का 28 वर्षीय बेटा शिव कुमार मानपुरा में एक कंपनी में कार्यरत था। शनिवार को ड्यूटी से आने के बाद वह अपनी दुकान पर चला गया। शाम करीब साढ़े सात बजे शिव कुमार को उसके पिता ने दूध लेकर घर जाने को कहा। देर सायं जब साढ़े 9 बजे सतीश कुमार घर पर पहुंचे तो बेटा घर पर नहीं था।
बेटे के घर पर नहीं होने से उसे पहले अपने स्तर पर कई जगह पर खोजा, लेकिन जब कहीं पर नहीं मिला तो उसने पुलिस में भी गुमशुदगी का मामला दर्ज करवा दिया। पूरी रात सतीश कुमार उसे खोजते रहे, लेकिन उसका कहीं पर पता नहीं चला। सुबह उसका शव सीडीपीओ कार्यालय की चारदीवारी के अंदर पड़ा होने की सूचना मिली। इस पर परिजन मौके पर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि उसके एक बाजू में सिरिंज लगी हुई थी। इससे वहां उपस्थित लोगों को यह अंदेशा हुआ कि कहीं उसने नशे की ओवर डोज ली होगी, जिससे चलते ऐसा हुआ। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाए। मृतक के ब्लड के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।