बद्दी-नालागढ़ सड़क पर भुड्ड बैरियर के पास हादसा
टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मारी, सड़क पर गिरी थी महिला
पुलिस ने मामला किया दर्ज, टैंकर चालक की तलाश शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ सड़क पर भुड्ड बैरियर के समीप तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठी युवती सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवती की पहचान काजल पुत्री राजकुमार निवासी मोहल्ला होलीपुरा, तहसील हसनपुरा, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार युवती सहकर्मी के साथ स्कूटी पर ड्यूटी के लिए जा रही थी। जैसे ही वे भुड्ड बैरियर के पास पहुंचे, पीछे से आए टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद लोगों की सहायता से युवती को बद्दी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। 25 वर्षीय युवती अविवाहित थी। पुलिस फरार टैंकर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।