कुमारहट्टी का मामला, आरोपी पर पहले भी दर्ज है चिट्टा तस्करी का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। धर्मपुर (सोलन) धर्मपुर थाने के तहत कुमारहट्टी में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक घर की पांचवीं मंजिल का ताला तोड़कर सामान चोरी कर भाग रहा था, जिसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया आरोपी पंजाब में चिट्टा तस्करी के मामले में भी संलिप्त रहा है। पुलिस के अनुसार कुमारहट्टी निवासी केवल कृष्ण ने शिकायत दर्ज करवाई कि 24 दिसंबर को जब वह घर पर थे, तो उन्हें पांचवीं मंजिल से संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। जब वे ऊपर पहुंचे तो देखा कि एक युवक बोरी लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर उसे दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर बोरी से पुराने कंप्यूटर का सीपीयू, इलेक्ट्रिक हैंड कटर और रेलिंग के लोहे के पाइप बरामद हुए। आरोपी ने शटर का ताला तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान जसकरण, निवासी गांव कलोल (बड़ोग), सोलन के रूप में की है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। जांच में पाया गया कि आरोपी के खिलाफ पंजाब के कुमाणु (फतेहगढ़) थाने में 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन तस्करी का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस ने चोरी का सामान कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।