मतदान के दौरान रहा चर्चाओं का दौर
राजेश गुप्ता
दाड़लाघाट(सोलन) पंचायत दाड़लाघाट सहित आसपास के क्षेत्रों में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दौरान जहां सुबह से बूथों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ और चुनावी हलचल देखने को मिली। वहीं मंगलवार को दाड़लाघाट क्षेत्र में युवक की मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांवों से लेकर मतदान केंद्रों तक दिनभर इसी मामले की चर्चा होती रही।
जानकारी के अनुसार पंचायत दाड़लाघाट क्षेत्र के कुछ युवक सोमवार देर रात आपस में बैठे हुए थे। इसी दौरान पंचायत चुनाव को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक को धक्का दिए जाने से वह बालकनी से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चुनाव के दिन हुई इस घटना ने पूरे पंचायत क्षेत्र का माहौल गमगीन कर दिया। मतदान केंद्रों पर लोग चुनावी चर्चा के साथ-साथ इस घटना को लेकर भी बातचीत करते नजर आए। ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत चुनाव गांव के विकास और भाईचारे का प्रतीक होते हैं और इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं।
हालांकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही और मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते रहे, लेकिन युवक की मौत की खबर ने चुनावी उत्साह के बीच एक अलग ही माहौल बना दिया। पंचायत चुनाव के परिणाम मंगलवार शाम को घोषित किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को सोचने पर मजबूर कर दिया। संवाद