शहर के वार्ड नंबर 9 में बंदरों के आतंक, क्षेत्रीय अस्पताल में लगवाया एंटी रैबीज वैक्सीन का टीका
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के वार्ड नंबर 9 में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं। मंगलवार को कॉलोनी में तीन साल का बच्चा मीवान साइकिल चला रहा था, तभी बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। डर के कारण बच्चा भागा, लेकिन बंदरों ने उसकी पीठ पर काट लिया। बच्चे की मां सिमरन ने तुरंत बाहर आकर बंदरों को भगाया। मीवान को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में एंटी-रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया। मां ने बताया कि उनके बेटे को केवल एक ही जगह चोट लगी, क्योंकि वह मोटी स्वेटर पहने हुए था, जो पूरी तरह फट गई। सिमरन ने कहा कि जवाहर पार्क से लेकर मधुबन कॉलोनी तक बंदर अकसर घूमते रहते हैं और कभी भी किसी पर हमला कर सकते हैं। उन्होंने नगर निगम और वन विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।