बोले- 200 बिस्तरों की मिलेगी सुविधा
लोगों की समस्याएं सुनीं, शीघ्र निपटारे के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वह सोमवार को सोलन में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जिला सोलन के कथेड़ में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से 200 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल बनाया जा रहा है। इस अस्पताल में मरीजों को तृतीय स्तरीय ट्रॉमा सेंटर की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा अस्पताल में 50 बिस्तरों वाली पृथक मातृ एवं शिशु विंग का निर्माण भी किया जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत क्वारग में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से दिव्यांगजन शिक्षा उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जा रहा है। इसमें करीब 300 दिव्यांग बच्चों के लिए गुणवत्तायुक्त शिक्षा, खेल मैदान और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस अवसर पर शांडिल ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रदेश विश्वकर्मी समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान श्याम लाल, पूर्व उपप्रधान राकेश मेहता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, खंड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।