12 वार्डों के टेंडर आवंटित, एक अप्रैल से हर वार्ड में तैनात होंगे दस सफाई कर्मी
मनमानी करने पर सफाई ठेकेदार का निगम तुरंत रद्द करेगी टेंडर
शेष तीन वार्डों के टेंडर भी जल्द लगाए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। नगर निगम क्षेत्र में चरमराई सफाई व्यवस्था को पूरी तरह सुधारने और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम बद्दी ने सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। निगम ने अपने सभी 15 वार्डों में अलग-अलग ठेकेदारों को सफाई का जिम्मा सौंपने का निर्णय लिया है। इनमें से 12 वार्डों के टेंडर आवंटित कर दिए गए हैं, जबकि शेष तीन वार्डों के टेंडर भी जल्द जारी किए जाएंगे। नगर निगम के अधिशासी अभियंता सुमित आजाद ने बताया कि हर वार्ड के लिए अलग ठेकेदार नियुक्त किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की मनमानी, लापरवाही या एकाधिकार रह सके। उन्होंने कहा कि जहां भी सफाई को लेकर शिकायत मिलेगी, संबंधित ठेकेदार का टेंडर तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। सभी 15 वार्डों में 1 अप्रैल से सफाई कर्मचारी तैनात कर दिए जाएंगे। बड़े वार्डों में 10 सफाई कर्मचारी और छोटे वार्डों में 8 सफाई कर्मचारी प्रतिदिन नियमित सफाई व्यवस्था संभालेंगे। उन्होंने कहा की पूरे काम की जवाबदेही ठेकेदार की होगी। उन्होंने कहा कि बचे हुए तीन वार्ड के लिए भी टेंडर आमंत्रित कर लिए गए हैं और इन्हें भी शीघ्र आवंटित कर दिया जाएगा। सफाई व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नगर निगम बद्दी की ओर से उठाया गया यह कदम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा। इससे आने वाले समय में सफाई व्यवस्था के मजबूत और पारदर्शी होने की उम्मीद है।