दवा विभाग ने मौके पर मिले बिल के आधार पर फर्म का नोटिस किया जारी
ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थे दवा विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के साथ लगते बसाल क्षेत्र में हेलीपैड के समीप जंगल में भारी मात्रा में दवाओं को ठिकाने लगा दिया। दवाओं के ढेर में न केवल विभिन्न प्रकार की टेबलेट हैं बल्कि सीरप और सिरिज भी शामिल है। दवा विभाग ने कार्रवाई करते हुए मौके से बरामद किए बिल के आधार पर फर्म को नोटिस जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि फेंकी गई दवाइयां एक्सपायरी भी नहीं हुई हैं। इसके बावजूद दवाओं के अधिक मात्रा में अंधेरे का फायदा उठाकर ढेर फेंक दिए हैं। जंगल में दवाओं की अधिक खेप मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है और पर्यावरण को प्रदूषित किया है। दवाओं के ढेर देखने के बाद ग्रामीणों ने दवा विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी सूचना दी। सूचना के बाद दवा विभाग की टीम ने मौके पर आकर दवाइयों के सैंपल भी भरे हैं। ग्रामीणों ने सुबह 11:00 बजे बसाल हेलीपैड के समीप दवाओं का ढेर गिरा हुआ देखा। इसके सूचना पूरे क्षेत्र में फैल गई। ग्रामीणों को शक है कि किसी दवा दुकानदार ने इन दवाओं को जंगल में ठिकाने लगाया है। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल के पास हेलीपैड में रोजाना बच्चे खेलते हैं। अगर कोई बच्चा इन दवाओं का सेवन कर लेता तो इसका परिणाम गंभीर हो सकता था। स्थानीय निवासी जगविंद्र ने बताया कि सड़क किनारे कई दवाओं के डिब्बे फेंके गए हैं। उनका कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की हरकतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कोट
सूचना मिलते ही दवा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फर्म के बिल बरामद किए गए हैं। बिल के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है। संबंधित फर्म को नोटिस भी जारी किया गया है।
- प्रीति शर्मा, दवा निरीक्षक, सोलन
कोट
मौके पर टीम को भेजा गया है। सैंपल लिए जाएंगे और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जाएगी।
-अनिल राव, सहायक अभियंता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, परवाणू
बसाल के हेलिपैड के समीप फेंकी गई दवाइयां। संवाद