धर्मपुर में क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान सम्मानित करते हुए। संवाद
नशा मुक्त हिमाचल थीम पर मैदान में उतरीं 32 टीमें, एवर शाइन गुल्हाड़ी ने जीता उद्घाटन मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। धर्मपुर के स्कूल मैदान में रविवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। नशा मुक्त हिमाचल थीम पर आधारित इस महासंग्राम का शुभारंभ ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान सुनील कश्यप ने किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशे की दलदल से दूर रहने और खेल के मैदान में पसीना बहाने का कड़ा संदेश दिया गया। जिले भर से इस टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें अपना दमखम दिखा रही हैं। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला एवर शाइन गुल्हाड़ी और जत्रोग इलेवन के बीच खेला गया। जत्रोग की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 76 रन बनाए। जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवर शाइन गुल्हाड़ी की टीम ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 9 ओवरों में 77 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ गुल्हाड़ी की टीम ने प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। मुख्यातिथि सुनील कश्यप ने खिलाड़ियों से परिचय करने के बाद स्वयं भी मैदान पर कुछ गेंदें खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी खेलों से दूर होकर मोबाइल और नशे के जाल में फंसती जा रही है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी को मिलकर प्रदेश को नशा मुक्त बनाना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के कारोबार में शामिल संदिग्धों की जानकारी निडर होकर पुलिस को दें। इस मौके पर तरसेम ठाकुर, रविकांत ठाकुर, सन्नी ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।