बद्दी के शीलतपुर वन बीट मे वन विभाग की टीम ने पकड़ी खैर से भरी ट्राली- स्रोत- विभाग।
शीतलपुर में अवैध खैर कटान, ट्राॅली छिपाकर फरार हुए वन काटू
पुलिस ने वन अधिनियम एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के शीतलपुर वन बीट में वन माफिया ने रात को अवैध खैर की कटाई की। वन काटू खैर की ट्रॉली में भर कर ले जा रहे थे कि वन विभाग की टीम के नाके को देखकर ट्रॉली को जंगल में छोड़ कर भाग गए। इस ट्रॉली में खैर के 36 मोछे थे। वन खंड अधिकारी की शिकायत पर पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, रेंज अधिकारी कुलतार नेगी ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने अज्ञात व्यक्ति की शामलात भूमि शीतलपुर माता थपल मंदिर के पास खैर की लकड़ी काटी और वन विभाग के नाके को देखकर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सरकंडे के घास में छिपाकर मौके से फरार हो गए।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखे 36 खैर के मोछे बरामद कर कब्जे में लिए गए हैं। टीम में डिप्टी रेंजर बलवदेव, वन गार्ड निर्मल, नानक व जसबीर भी शामिल थे। उधर, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि बद्दी में भारतीय न्याय संहिता व वन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की ओर से आरोपियों की धर-पकड़ के लिए तकनीकी साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
-इनसेट-
यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 266 वाहनों के किए चालान
बद्दी(सोलन)। पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। इसके तहत पुलिस टीम ने अलग-अलग शीर्षकों के तहत कुल 266 वाहनों के चालान किए। बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा बनाए रखने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।