सोलन। लोकसभा चुनावों के मतदान में महज एक दिन शेष बचा है। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करने के प्रबंध पूरे कर लिए हैं। सभी 522 मतदान केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्र स्थापित हो चुके हैं। सोमवार को सभी पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्राें को रवाना हुई। करीब 4150 कर्मचारियों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए 74 बसें रवाना की गई। सोलन में देर शाम तक रवानगी चलती रही। जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन मदन चौहान ने बताया कि सोमवार को जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में चुनावी पार्टियों को ईवीएम तथा अन्य सामग्री सहित रवाना कर दिया गया है।
छोटे वाहन में भी रवानगी
सोलन। बसें पोलिंग पार्टियों को संबंधित विस क्षेत्रों के मुख्यालय से पोलिंग स्टेशनों तक पहुंचाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जहां पर बसों की आवाजाही नहीं है, ऐसे मतदान केंद्रों के लिए छोटे वाहनों लगाए गए हैं। पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और चुनाव सामग्री सहित भेजा गया है।
कार्यकर्ताओं के घर न ठहरें
सोलन। चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मतदान के दौरान किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता के घरों में न ठहरें। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था संबंधित पोलिंग बूथों के बूथ लेबल अधिकारियों द्वारा की गई है।
शराब के ठेके बंद
सोलन। जिला से सटी पंजाब और हरियाणा राज्यों की सीमाओं की नाकाबंदी कर दी गई है। गश्त बढ़ा दी गई है। ताकि स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाए जा सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी उन्होंने कहा कि शराब के ठेकों को बंद करने के भी आदेश जारी किए गए हैं।
अर्की निर्वाचन क्षेत्र से एसडीएम एल आर वर्मा ने 129 मतदानकेंद्रों के लिए पार्टियों को आवश्यक टिप्स देने के बाद सामग्री सहित रवाना किया।
नालागढ़ से सहायक निर्वाचन अधिकारी ललित जैन ने नालागढ के 98 तथा दून क्षेत्र के 85 बूथों के लिये पार्टियों को रवाना किया।
सोलन से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मदन चौहान ने 120 चुनावी पार्टियों को जरूरी दिशा-निर्देश देने के बाद रवाना किया।
कसौली विस क्षेत्र के 90 बूथों के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी टशी सन्डूप की देख-रेख में चुनाव दल अपने-अपने मतदान केंद्र के लिए भेजे गए।