डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक नगरी बीबीएन में डेंगू के सामने आए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग के लिए गए फैसले के अनुसार पड़ोसी राज्यों के चिकित्सा अधिकारियों से वार्ता की गई। डेंगू के मामलों को लेकर मंगलवार को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनके गुप्ता ने नालागढ़ आकर दौरा कर इसकी समीक्षा की, वहीं पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के चिकित्सा अधिकारियों से बात करके इसकी रिपोर्ट तैयार की। डेंगू के मामले बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डा. नरेश मेहता ने 8 नवंबर को नालागढ़ अस्पताल में आकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से बैठक की और उन्हें महिला मंडलों और लाउड स्पीकरों के माध्यम से भी डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक बनाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने इसके बारे में समीक्षा की।
दिवाली के बाद आया सिर्फ एक मामला
क्षेत्र में जितने भी मामले डेंगू के सामने आए हैं, वह अलग-अलग क्षेत्रों के पाए गए हैं। दिवाली तक एफआरयू चिकित्सालय नालागढ़ के अंतर्गत 16 मामले सामने आए थे और पर्व के बाद मात्र एक मामला डेंगू का सामने आया है। इससे पूर्व ईएसआई अस्पताल काठा में 9 लोग डेंगू से पीड़ित पाए गए थे और 55 में डेंगू के लक्षण पाए गए थे।
पड़ोसी राज्यों के डाक्टरों से हुई वार्ता : बीएमओ
नालागढ़ अस्पताल के बीएमओ डा. हरमोहिंदर सिंह ने कहा कि जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा.एनके गुप्ता ने पड़ोसी राज्यों के चिकित्सा अधिकारी से बातचीत कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। नालागढ़ में दिवाली के बाद सिर्फ एक मामला डेंगू का सामने आया है।