व्यापारिक प्रतिष्ठानों से 13 घरेलू गैस सिलिंडर, एक किलो पॉलीथिन बरामद
सोलन से कंडाघाट तक दिया कार्रवाई को अंजाम, जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने किया औचक निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिले के सोलन और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान 13 घरेलू गैस सिलिंडरों को जब्त किया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इस औचक निरीक्षण से व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। टीम की भनक लगते ही कई होटल और ढाबा संचालकों ने तो अपने सिलिंडरों को किसी और स्थान पर ठिकाने लगाने से पीछे नहीं रहे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार सोलन और कंडाघाट के होटलों और ढाबों में घरेलू गैस सिलिंडरों के हो रहे प्रयोग के बारे में विभाग को शिकायत मिली थी। इसे लेकर विभाग से सख्त कार्रवाई की गई। इसके तहत इन सिलिंडरों को जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम ने सोलन से कंडाघाट तक दबिश दी। साथ ही विभिन्न जगहों पर जाकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से 14.2 किलोग्राम के 13 घरेलू रसोई गैस सिलिंडर जब्त करने के साथ एक दुकानदार से एक किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद किया गया। इस कार्रवाई के दौरान दुकानदार से मौके पर तीन हजार जुर्माना वसूला है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मिलाप शांडिल ने बताया कि औचक निरीक्षण आगे भी होंगे। व्यापारिक प्रतिष्ठान केवल व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर ही इस्तेमाल करें। रसोई गैस के घरेलू सिलिंडरों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठानों में रसोई गैस के घरेलू सिलिंडर इस्तेमाल किए जा रहे हैं। टीम में विभाग के निरीक्षक अरुण ठाकुर और कमल कांत शर्मा भी शामिल रहे।