सोलन में सीएम का पुतला फूंकती युंका
- फोटो : अमर उजाला
सोलन। युवा कांग्रेस ने सोलन शहर के मुख्य चौक पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला फूंक डाला। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों और युकां कार्यकर्ताओं के बीच जमकर छीनाझपटी भी हुई। लेकिन पुलिस कर्मचारी पुतले को जलने से नहीं रोक पाए। छीनाझपटी के दौरान कुछ युकां कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें भी लगी हैं। प्रदर्शन के दौरान राजगढ़ और मुख्य मार्ग पर सफर करने वालों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। कुछ देर के लिए यातायात भी जाम हो गया। इसकी शिकायत यात्रियों ने पुलिस से की है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा युकां पदाधिकारियों के खिलाफ आवागमन में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
शहर में युकां ने सरकार की नीतियों के खिलाफ बुधवार को आक्रोश रैली का आयोजन किया। माल रोड पर निकाली गई। यह रैली जैसे ही पुराने उपायुक्त कार्यालय चौक पर पहुंची युकां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला निकाला और जलाने की कोशिश करने लगे। इस बीच ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिस कर्मी पुतले को छीनने की कोशिश करते रहे। भीड़ में युकां ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान काफी देर तक चौक में गहमा गहमी का माहौल बना रहा। इस कार्रवाई के चलते पुलिस ने जाम में फंसे लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
सिर्फ रैली की ली थी अनुमति : एसपी
एसपी मोहित चावला ने युकां पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युकां ने सिर्फ रैली की अनुमति ली थी। लेकिन पुराने उपायुक्त कार्यालय के बाहर कानून तोड़ने की कोशिश की गई जिससे आवाजाही करने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ा है। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अस्पताल की हालत नहीं
सुधार पाई भाजपा : युकां
सोलन शहर में बुधवार को युकां पदाधिकारियों ने अध्यक्ष संजय ठाकुर की अगुवाई में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मालरोड पर रैली निकाली और भाजपा की केंद्र तथा राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संजय ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का राग अलापते थे। लेकिन अब भाजपा कार्यकाल में अस्पताल की हालत और खराब हो गई है। कांग्रेस कार्यकाल में 22 डॉक्टर और विशेषज्ञ तैनात थे। अब सिर्फ 18 डॉक्टर ही सेवाएं दे रहे हैं। कंडाघाट के अस्पताल का निर्माण कार्य भाजपा ने सत्ता में आते ही बंद करवा दिया है। कांग्रेस सरकार के समय लिए गए विकासात्मक फैसलों को भी धड़ाधड़ बदला जा रहा है। कर्मचारियों का तबादला कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। युकां भविष्य में भी प्रदर्शन जारी रखेगी। इस मौके पर युकां महासचिव विनोद जिंटा, लोस उपाध्यक्ष प्रदीप सुर्या, राजीव गौड़ा, राहुल चौहान, सलीम खान, विशाल शर्मा, विकास और रवि समेत अन्य मौजूद थे।