नालागढ़ (सोलन)। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दो जनवरी 1999 से एक जनवरी 2000 के बीच में जन्में युवा अब अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। आयोग के मुताबिक नालागढ़ और दून विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्य 23 जनवरी से शुरू होगा। नालागढ़ और दून के 190 मतदान केंद्रों पर 23 जनवरी से 14 फरवरी तक फोटो युक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनर्निरीक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसमें पहली जनवरी 2018 तक जो युवा अठारह साल की उम्र पार कर चुके हैं अपना नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियां संबंधित मतदान केंद्रों पर प्रतिनियुक्त अभिहित अधिकारियों के पास कार्यालय में शाम 3 से 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
उपमंडल निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नालागढ़ आशुतोष गर्ग ने कहा कि दो और 11 फरवरी को विशेष अभियान दिवस मनाया जा रहा है। इस विशेष अभियान दिवस के दौरान दावे और आक्षेप सुबह 10 से पांच बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। इसके अलावा 28 जनवरी रविवार को दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली ग्राम सभाओं, शहरी निकायों, नगरपालिकाओं में विशेष सभाओं का सुबह 11 बजे आयोजन किया जाएगा। इनमें मतदाता सूची से संबंधित भाग को सभा में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों और जनसाधारण के समक्ष पढ़ा जाएगा। मतदाता की योग्यता रखने वाले मतदाताओं से प्रारूप 6 प्राप्त किए जाएंगे। मतदाता सूची में प्रविष्टियों के प्रारूप 7 और 8 फरवरी को हासिल कर सकते हैं। मतदाता फोटोयुक्त नामावली का निरीक्षण सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय में भी किया जा सकता है। त्रुटियों के निवारण और नए वोट बनवाने अथवा कटवाने के दावे तथा आक्षेप संबंधित अभिहित अधिकारियों के समक्ष 14 फरवरी सांय 5 बजे तक प्रस्तुत करें।