बद्दी पुलिस ने बीबीएन में लगाए अब तक 5400 सीसीटीवी कैमरे
एसपी बोले- लोग भी कर रहे हैं पुलिस का सहयोग, क्राइम हो रहा कम
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बीबीएन में अपराध का पता लगाने, रोकथाम और प्रबंधन में सीसीटीवी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समुदाय और उद्योग की मदद से 5400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को स्थापित कर लिया है। इन कैमरों की मदद से 66 एनडीपीएस अधिनियम मामलों से जुड़े 91 ड्रग तस्करों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया। 91 मामलों में चोरी और सेंधमारी के आरोप में 121 व्यक्तियों को पकड़ा। पिछले आठ माह में ये गिरफ्तारियां अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार को खत्म करने की पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसपी बद्दी मोहित चावला ने कहा कि पुलिस उन सतर्क नागरिकों के प्रति आभार जताती है, जिन्होंने इस दौरान पुलिस का साथ दिया है। इस सामुदायिक कानून प्रवर्तन साझेदारी के माध्यम से पुलिस ने नशीले पदार्थों से संबंधित अपराधों और संपत्ति अपराधों से निपटने में पर्याप्त परिणाम मिले हैं। उन्होंने कहा कि बद्दी पुलिस बीबीएन इंडस्ट्रीज और निवासियों की सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है। समाज की शांति और सद्भाव को बाधित करने वालों के खिलाफ प्रौद्योगिकी की मदद से दृढ़ कार्रवाई करना जारी रखेंगे।