बद्दी के रेड लाईट चौक के समीप पेवर ब्लाक लगाते हुए कामगार- संवाद।
एनएचएआई 8.5 करोड़ से करवा रहा मरम्मत, एक साल तक ठेकेदार करेगा सड़क का रखरखाव
लोगों को गड्ढों से मिलेगी राहत, आसान होगा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ फोरलेन पर सफर करने वाले राहगीरों के लिए राहत भरी खबर है। मार्ग की मरम्मत का करीब 90 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। अब केवल बद्दी के रेड लाइट चौक और ट्रक यूनियन बाईपास के समीप का कार्य शेष है, जिसे अगले कुछ दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेड लाइट चौक और बाईपास के पास ड्रेनेज की समस्या और जलभराव के कारण सड़क बार-बार टूट रही थी। इसे देखते हुए एनएचएआई ने यहां तारकोल की सड़क के बजाय पेवर ब्लॉक लगाने का निर्णय लिया है। ठेकेदार ने यहां कामगारों को काम पर लगा दिया है। मोतिया प्लाजा के समीप मरम्मत का काम पूरा हो चुका है और अब मुख्य चौक पर ब्लॉकों को नए सिरे से बिछाया जा रहा है। बरसात के दौरान नाली न होने के कारण यह मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गया था। एनएचएआई ने मरम्मत के लिए दो अलग-अलग ठेकेदारों को कुल 8.5 करोड़ रुपये का जिम्मा सौंपा है। खास बात यह है कि मरम्मत के बाद ठेकेदार एक साल तक इस सड़क की देखरेख के लिए भी जिम्मेदार रहेंगे।
कोट
रेड लाइट चौक और बाईपास पर जलभराव की समस्या है, इसलिए वहां तारकोल के बजाय पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं ताकि सड़क लंबे समय तक टिक सके। बाकी हिस्सों में मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।-असलम खान, प्रोजेक्ट प्रभारी, एनएचएआई