बद्दी (सोलन)। बद्दी की एक धागा कंपनी में कार्यरत एक कामगार के सहयोगी के क्रेडिट कार्ड से फर्जी कंपनी के नाम से शातिर 83 हजार रुपये उड़ा ले गए हैं। कामगार ने एक साक्षात्कार के लिए सौ रुपये अपने सहयोगी के कार्ड से ऑनलाइन फीस जमा कराई थी, जिसके चक्कर में ऑनलाइन ठगी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज बयान में जिला चंबा के थुलेल गांव के अतुल कुमार ने बताया कि वह बद्दी की एक धागा कंपनी में कार्यरत है। उसे साइन जॉब कंपनी से इंटरव्यू के लिए कॉल आया, जिसमें उससे सौ रुपये की सेवा राशि की मांग की गई। उसने अपने सहयोगी का सिटी बैंक का क्रेडिट कार्ड लिया और उससे सौ रुपये का भुगतान किया। लेकिन ट्रांजेक्शन पूरी न होने पर चार बार भुगतान करना पड़ा। इस बीच उसके सहयोगी के खाते से 83442 रुपये निकल गए। जिसके बारे में उसे एसएमएस के माध्यम से सूचना मिली। पीड़ित ने बताया कि नौकरी देनी वाली कंपनी की कर्मचारी ने अपना नाम वंदना बताया और उसका मोबाइल नंबर 8359905714 है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले में छानबीन करने की मांग की है। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।