नशे के खिलाफ नारों से गूंजा बद्दी, सड़क पर उतरीं संस्थाएं
नप अध्यक्ष ने किया रैली का शुभारंभ, विधायक ने किया समापन
शहर में विशाल जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में नशे को नष्ट करनेे के लिए दो दर्जन सामाजिक संस्थाएं रविवार को सड़कों पर उतर आईं। एक विशाल नशा जागरूकता रैली निकालकर पूरे बद्दी बाजार में इस बुराई को कुचलने का संकल्प लिया और बाजार में नशा हटाओ नारों से गुंजायमान हो गया। भारद्वाज अस्तपाल के निकट शुरू हुई रैली का शुभारंभ नगर परिषद के प्रधान नरेंद्र कुमार दीपा ने किया जबकि समापन समारोह पर दून के विधायक परमजीत सिंह विशेष तौर पर उपस्थित रहे। रैली शुरू करने से पूर्व उपस्थित जनसमूह से नगर परिषद बद्दी चेयरमैन नरेंद्र कुमार दीपा ने कहा कि इस बुराई को अकेले नहीं बल्कि समाज के सहयोग से ही जड़ से काटा जा सकता है। कोई भी युवा नशा करता है या बांटता है तो तुरंत उसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दें। हरिओम योग सोसाइटी अध्यक्ष डॉ. श्रीकांत शर्मा व महासचिव केएस आर्य ने कहा कि आज जिस प्रकार तमाम सामाजिक संस्थाएं एक मंच पर आई है उससे निश्चित तौर पर नशे पर लगाम लगेगी। रैली के समापन अवसर पर पुरानी सब्जी मंडी में विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि जयराम सरकार ने ऐसा कानून बनाया है कि अगर किसी के पास एक ग्राम चिट्टा या नशा मिला तो उसको जमानत नहीं मिलेगी। पार्षद संदीप सचदेवा एडवोकेट, डॉ. मुकेश मल्होत्रा के अलावा लघु उद्योग भारती, आर्य समाज, हिम जन कल्याण समिति, फेस-3 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, फेस-1 और 2 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, ओमैक्स रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, अमरावती अपार्टमेंट रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, पूर्वांचल छठ पूजा कल्याण समिति, पतंजलि परिवार, साईं मंदिर कमेटी, अग्रवाल सभा बद्दी, केमिस्ट एसोसिएशन बद्दी, हिमशिखा विद्यालय, मल्होत्रा हॉस्पिटल समूह, हिमालय जनकल्याण समिति, सनातन धर्म सभा बीबीएन, प्रेस क्लब बद्दी-बरोटीवाला, व्यापार मंडल बद्दी, प्रेस क्लब बद्दी, बद्दी विकास मंच ने नशे पर जमकर प्रहार किया।