नालागढ़ (सोलन)। बीबीएन में डेंगू के बढ़ते हुए मामलों को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे लोगों व संस्थानों के खिलाफ सख्ती अपनानी शुरू कर दी है, जो अपने परिवेश में पानी को खड़ा रहने देते हैं। नियमित रूप से सफाई और पानी का बदलाव नहीं करते हैं। बीबीएन के दो उद्योगों में पानी खड़ा पाया गया। इसके चलते इन उद्योगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन दोनों उद्योगों में पानी के खड़ा रहने और पानी का बदलाव न करने के कारण एपेडेमिक रेगुलाईजेशन एक्ट के तहत नोटिस थमाए गए हैं। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में डेंगू के मरीजों की संख्या 52 हो गई है। बद्दी में 40 और नालागढ़ में 12 मामले सामने आए हैं। बद्दी अस्पताल में एलीजा विधि से किए गए 19 टेस्टों में से 6 नए मरीज डेंगू के पॉजीटिव पाए गए हैं। बीएमओ नालागढ़ डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि बीबीएन में डेंगू की रोकथाम के लिए टास्क फोर्स जागरूकता ला रही है, लेकिन कई जगहों पर लोग स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों की अनुपालना नहीं कर रहे हैं। इसके तहत बीबीएन के दो उद्योगों को अनियमितताएं बरतने पर एपेडेमिक रेगुलाईजेशन एक्ट के तहत नोटिस जारी कर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नोटिस के बावजूद भी इन पर असर नहीं हुआ तो प्रशासन के माध्यम से इनके चालान काटे जाएंगे।