सोलन शहर में पहुंची इलेक्ट्रिक वैन।
- फोटो : अमर उजाला
सोलन। शहर के लोगों को जल्द ही एचआरटीसी इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा मुहैया करवाएगी। एचआरटीसी वर्कशॉप में तीन इलेक्ट्रिकल वैन पहुंच गई हैं। यह शहर के विभिन्न हिस्सों में लोगों को सेवाएं प्रदान करेंगी। इन टैक्सी की खासियत यह है कि यह बैटरी के जरिये चलेगी तथा पूरी तरह प्रदूषण मुक्त होगी। इसका शुभारंभ एचआरटीसी जल्द करने वाला है। इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग से इस सेवा को बहाल करने के लिए मंजूरी मांगी है। जैसे ही चुनाव आयोग मंजूरी प्रदान करेगा शहर में इलेक्ट्रिकल टैक्सी सेवा शुरू हो जाएगी।
वर्तमान में शहर के लोकल रूटों पर निगम की बसों सहित ऑटो लोगों को सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन अब इसके अतिरिक्त लोग इस प्रदूषण रहित वैन से भी सैर कर सकेंगे। जानकारी के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा प्रदेश के विभिन्न राज्यों में इस सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के लिए निगम ने इन वैनों को पहुंचा दिया है। इन वैनों को सड़कों पर उतारने के लिए चुनाव आयोग से मंजूरी मांगी है। इस टैक्सी सेवा का रूट चार्ट भी तैयार कर दिया है।
यह है वैन की खासियत
इलैक्ट्रिक वैन की खासियत है कि यह बिजली से चार्ज होने के बाद मोटर के जरिये चलती है। इसमें सात सवारियां एकसाथ बैठ सकेंगी। यह वैन एक बार चार्ज होने के बाद करीब 80 से 100 किमी का सफर तय कर सकती है। इसके अलावा किसी भी प्रकार के ईंधन का प्रयोग न होने से यह वायु और ध्वनि प्रदूषण रहित है। इसे वातावरण के दूषित होने का कोई खतरा नहीं रहता। यह वाहन आवाज भी कम करता है। यह वैन ऑटोक्लच है। इसमें सिर्फ एक ब्रेक और एक्सिलेटर है। सड़क की चढ़ाई और उतराई के हिसाब से अपने आप इसके गियर बदल जाते हैं।
वैन यहां देगी टैक्सी सेवा
शहर में निगम तीन इलेक्ट्रिकल वैनें चला रहा है। इसमें एक वैन चंबाघाट-ओल्ड बस स्टैंड सहित अन्य संबंधित क्षेत्र में चलेगी। निगम की दूसरी वैन श्मलेच से पुराना बस स्टैंड और तीसरी वैन न्यू बस स्टैंड सोलन से शामती के लिए सेवाएं देंगी। हालांकि इन रूटों के लिए अभी निगम ने किराये की दरें तय नहीं की हैं।
चुनाव आयोग से मांगी है मंजूरी : आरएम
आरएम सुरेश धीमान ने बताया कि एचआरटीसी शहर के विभिन्न हिस्सों में एचआरटीसी इलेक्ट्रिकल वैनों को चला रहा है। सोलन डिपो में निगम की यह तीन वैन पहुंच गई हैं। अब इस वैन को दौड़ाने के लिए चुनाव आयोग से मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजा है। जैसे ही इनको चलाने की मंजूरी मिलती है वैसे ही इन वैनों को सड़कों पर उतार दिया जाएगा।