पहली बारी में पैसा निकलते ही कस्टमर केयर में सूचना दे दी
उद्यमी ने बद्दी पुलिस को दी शिकायत, मामले की जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी में अपनी निजी कंपनी चलाने वाले कांगड़ा निवासी परमवीर चौहान के खाते से हैकरों ने 77900 रुपये निकाल लिए। इसमें और अधिक राशि की चपत लग सकती थी, लेकिन उद्यमी ने होशियारी दिखाते हुए कस्टमर केयर को तुरंत इसकी सूचना देकर खाता बंद कर दिया। इसके बाद इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जानकारी के अनुसार कांगड़ा में मतदान करने के बाद परमवीर चौहान बद्दी आ रहे थे। इस दौरान उन्हें किसी का कोई फोन नहीं आया। शाम चार बजे जैसे ही वह घर पहुंचे तो फोन खोला तो उस पर ओटीपी व पैसा निकलने के मैसेज आ रहे थे। पहले उनके खाते से 24400 रुपये निकले। उन्होंने तुरंत इसके बारे में कस्टमर केयर को सूचना दी। जब तक उनका फोन कस्टमर केयर में लगा तब तक हैकरों ने 48500 और निकाल लिए। हैकरों ने बाद में प्रयास किया लेकिन उनके क्रेडिट व डेबिट कार्ड बंद कर दिए गए।
परमवीर चौहान ने बताया कि जिस फोन नंबर से उनके पैसा निकला वह नंबर बिहार राज्य का था। उन्होंने इसकी शिकायत बद्दी पुलिस व साइबर सेल को दी है। साइबर सेल के अधिकारी ने उन्हें बताया कि उनका फोन हैकरों ने हैक किया हुआ है। अपने फोन को पूरी तरह से रीसेट करने के बाद ही इसे चालू करना। डीएसपी खजाना राम ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।