बीमारी से पहले ही संक्रमित लोगों का होगा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। विकास खंड पट्टा में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गोयला पंचायत में एक दिवसीय टीबी परीक्षण कैंप का आयोजन किया गया। इसमें 75 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। साथ ही इन लोगों के बलगम के टेस्ट भी लिए गए। यदि किसी व्यक्ति में टीबी पाई जाती है तो उसका समय पर उपचार शुरू किया जा सके।
अभी तक ऐसा होता था कि बीमार लोग मर्जी से अस्पताल जाते थे। ऐसे में रोग एक से दूसरे व्यक्ति में फैल जाता था। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अब स्वास्थ्य कार्यकर्ता और चिकित्सक घर-द्वार पर पहुंच रहे हैं। पंचायत प्रधान मदन लाल वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक राहुल गर्ग और उनकी टीम की ओर से इस कैंप में 75 लोगों के एक्सरे किए गए। चिकित्सकों ने लोगों के बीपी और शुगर के टेस्ट भी किए और सभी मरीजों को दिशा-निर्देश दिए। गोयला पंचायत को वर्ष 2024 में सरकार की ओर से टीबी मुक्त पंचायत का अवार्ड भी मिल चुका है।
इस मौके पर तकनीशियन रविंद्र कुमार, स्वास्थ्य कार्यकर्ता रेखा, सीएचओ हिमांशी, आशा वर्कर कृष्णा, दिया, प्रोमिला और कांता आदि ने शिविर को सफल बनाने में भरपूर सहयोग दिया। पंचायत उपप्रधान तारा चंद भाटिया, वार्ड पंच नार देई और अन्य कई गणमान्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे।