अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में उपचार को लाए मरीज की मौत के बाद तीमारदार उसे आपातकालीन कक्ष में छोड़कर फरार हो गए। मरीज को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। मरीज के साथ नेपाली मूल के लोग थे। उन्होंने कुमारहट्टी से मरीज को लाने की बात चिकित्सकों को बताई थी। आपातकालीन कक्ष में जैसे ही डॉक्टर ने मरीज का उपचार शुरू किया। उसकी तबीयत और अधिक खराब हो गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। यह देखकर उसके सभी साथी अस्पताल से फरार हो गए।
अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस मरीज की मौत की असली वजह का भी पता लगा रही है। पुलिस के अनुसार कुछ लोग एक व्यक्ति को बीमार अवस्था में इलाज करवाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाए थे।
उन्होंने उक्त व्यक्ति का पता सिर्फ कुमाहरट्टी क्षेत्र ही दर्ज करवाया था। इसके बाद साथ आए लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल में छोड़ कर वहां से चले गए। उपचार के दौरान उक्त व्यक्ति की मौत हो गई लेकिन उस व्यक्ति को देखने के लिए कोई भी व्यक्ति अभी तक नहीं आया है। वहीं नाम पता न होने से उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस के अनुसार, उक्त व्यक्ति मूल रूप से नेपाल का रहने वाला लग रहा है।
एएसपी सोलन शिव कुमार ने बताया कि कुछ लोग एक व्यक्ति को उपचार के लिए सोलन अस्पताल लाए थे जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अभी तक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है लेकिन देखने में वह नेपाल निवासी लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रख दिया है। मामले की जांच की जा रही है।