दाड़ला जनमंच में होगा शिकायतों का पंजीकरण तीन मार्च को
सुबह 10 बजे से शुरू होगा जनमंच कार्यक्रम, पंद्रह पंचायतों के ग्रामीण लेंगे भाग
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिले का दसवां जनमंच कार्यक्रम तीन मार्च को अर्की विधानसभा क्षेत्र की दाड़ला पंचायत के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में आयोजित किया जाएगा। सोलन के उपायुक्त विनोद कुमार ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के तीसरे जनमंच में कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत दाड़ला, कशलोग, मांगल, दाऊंटी, बेरल, दसेरन, दानोघाट, गनागुघाट, पारनू, नवगांव, सन्यारी मोड, धुंधन, चाखड़, सूरजपुर और बड़ोग हनुमान की समस्याओं और शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनमंच से पूर्व क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न योजनाओं का भौतिक निरीक्षण सुनिश्चित बनाएं। इस संबंध में जनमंच से पूर्व रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जनमंच के लिए अपनी शिकायतें उपरोक्त कार्यालयों में पहुंचाएं। उपायुक्त ने कहा कि जनमंच में तीन मार्च को भी शिकायतों का पंजीकरण किया जाएगा। इस कार्य के लिए जनमंच स्थल पर उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शिकायत अथवा समस्या निवारण के लिए आवेदन करते समय आवेदनपत्र पर अपना मोबाइल नंबर अवश्य अंकित करें। विनोद कुमार ने कहा कि जनमंच में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुर्वेद विभाग और पशु चिकित्सा विभाग निशुल्क जांच एवं दवा वितरण शिविर भी लगाए जाएंगे।