अमर उजाला ब्यूरो
अर्की (सोलन)। ग्राम पंचायत सानन के गांव सरोग नाले में प्रदूषण फैलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। इस कारण स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो रहा है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों में इन दिनों तारकोल बिछाने का कार्य जोरों पर है। इसी के चलते विभाग के एक ठेकेदार ने हॉट मिक्सचर प्लांट अवैज्ञानिक तरीके से सरोग नाले में लगाया है। पंचायत के प्रधान विमला चौहान तथा उपप्रधान सुंदर शर्मा ने बताया कि इस प्लांट को शुरू करने के लिए पंचायत से कोई भी अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि हर रोज सुबह करीब चार बजे से यह प्लांट चल पड़ता है तथा देर रात तक चलता रहता है। इस कारण यहां दिन प्रतिदिन ध्वनि प्रदूषण के साथ साथ वायु प्रदूषण बढ़ रहा है जिससे लोगों को गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। संबंधित ठेकेदार ने भी जल्दी ही कागज पूरा करने का हवाला देकर पल्ला झाड़ दिया। उपप्रधान सुंदर शर्मा ने बताया कि इस धुएं की वजह से आसपास का सारा पानी और साथ लगता नाला दूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्लांट के साथ लगते गांव पाटी, देलग, सेरी, सरोग, शरोन के कई बुजुर्गों को धुएं से सांस की समस्या की शिकायतें मिल रही हैं। सानन की प्रधान बिमला चौहान और उपप्रधान सुरेंद्र शर्मा ने बताया है कि प्रशासन ने अगर इस प्लांट को जल्दी से जल्दी बंद नहीं किया गया तो पंचायत तथा साथ लगते दर्जनों गांवों के लोग खुद इसको बंद कर देंगे जिसकी जिम्मेवारी सरकार और प्रशासन की होगी। इसी पंचायत की वार्ड सदस्य बसंती, नीलम, दौलत राम व जय प्रकाश ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इसे अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। एसडीएम अर्की छवि नांटा बताया कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि ठेकेदार प्रदूषण फैला रहा है तो इसे तुरंत बंद किया जाएगा।
सानण पंचायत के उपप्रधान सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कई बार जानकारी दी लेकिन अधिकारी कुछ करने को राजी ही नहीं हैं।
प्रदूषण नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी अतुल शर्मा ने बताया कि उन्हें पंचायत से बीते शुक्रवार को जानकारी मिली है। इस बारे में जांच की जा रही है।