सोलन। जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी की दूरी पर स्थित कोरो कैंथड़ी के लोगों को सुचारु बस सेवा न मिलने के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। आलम यह है कि मंत्री डॉ. राजीव सैजल के कसौली विधानसभा क्षेत्र के अधीन कोरो कैंथड़ी, लघेचघाट, कानाध्यालग पंचायतों को सेवा प्रदान करने वाली निगम की बस अपने रूट के समय पर नहीं चल रही है। जिसके कारण रोजाना लोगों को निजी वाहन में महंगा किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस न्यू बस स्टैंड सोलन से कुम्हारहट्टी और फिर दर्जनों गांव को सुविधा देते हुए अपने अंतिम पड़ाव लघेचघाट पहुंचती है। एक सप्ताह से बस करीब साढ़े 6 बजे सोलन से चल रही है। सबसे ज्यादा मुसीबत स्कूल और कॉलेज के छात्रों को उठानी पड़ रही है। एक ही बस और उसके भी देरी से आने की वजह से छात्र देर रात तक घरों में पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने बस रूट को सही समय पर चलाने की मांग की है।
दिन के समय भी मिले बस सुविधा
संबंधित क्षेत्र की पंचायत प्रधान रेखा देवी, जयदत्त, टिंकू, राजेंद्र, सन्नी, दलीप, प्रवीन सहित अन्य लोगों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम से मांग की है कि उनके क्षेत्र के लिए एक अन्य रूट दिन के समय चलाया जाए। दिन के समय भी शहर को आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
जल्द हल करेंगे समस्या : आरएम
हिमाचल पथ परिवहन निगम सोलन के आरएम सुरेश धीमान ने बताया कि सोलन से लघेचघाट के लिए बस देरी से चल रही है, यह बात उनके संज्ञान में हैं। उन्होंने बताया कि बस का देरी से चलने का कारण बस वर्कशॉप में आवश्यक कार्य करवाना है। बस किसी दूसरे रूट के बाद उक्त रूट पर जाती है। जिसका एक कारण स्टाफ की कमी भी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उक्त समस्या को जल्द ही हल कर दिया जाएगा।