बारिश में मिट्टी हो गए आईपीएच के
पांच करोड़, 57 योजनाएं प्रभावित
90 प्रतिशत योजनाओं को विभाग ने दोबारा शुरू किया
ग्रामीण क्षेत्रों की स्कीमों को ठीक करने के प्रयास जारी
जिले के कई गांवों में अभी तक सुचारु नहीं हुई पेयजल सप्लाई
अमर उजाला ब्यूूरो
सोलन। बरसात के मौसम में अब तक हुई बारिश से सोलन में आईपीएच विभाग को करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है। इसकी रिपोर्ट सरकार को भेजी जा चुकी है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बरसात के मौसम में अभी तक मूसलाधार बारिश से आईपीएच विभाग को 5 करोड़ रुपये की चपत लगी है। साथ ही विभाग की 372 स्कीमों मे से 58 स्कीमें ठप पड़ी हैं। जिनमें सिंचाई और पेयजल की स्कीमें शामिल हैं।
विभाग की ओर से इन स्कीमों को रिस्टोर कर दिया गया है और पानी की आपूर्ति को बहाल कर दिया है। अभी कुछ एक ग्रामीण क्षेत्रों में स्कीमों को बहाल करने के लिए विभाग प्रयासरत है। गौर रहे कि कुछ दिन पूर्व 24 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से विभाग की कोरो कैंथली, अश्वनी खड्ड, गिरि, कुहारी क्यारटू सकोड़ी झाझा सहित 53 स्कीमों को नुकसान हुआ। इस कारण लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा। बारिश से प्रभावित हुई स्कीमों को एक दिन पूर्व ही रिस्टोर करने के बाद लोगों को पानी की आपूति की जा सकी है। अभी ग्रामीण क्षेत्र की पट्टाबरारी स्कीम सहित अन्य दो स्कीमों में पानी गंदा होने के चलते लिफ्ट नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों में भी जल्द बहाल होगी सप्लाई
बारिश के कारण प्रभावित स्कीमों में से 90 प्रतिशत स्कीमों को विभाग की ओर से रिस्टोर करने के बाद लोगों को पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है। इस कारण लोगों को पानी की किल्लत से लोगों को छुटकारा मिल गया है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बची 10 प्रतिशत स्कीमों को रिस्टोर करने के लिए विभाग प्रयासरत है। जल्द ही बाद लोगों को पानी की सप्लाई सुचारु रूप से मुहैया करवा दी जाएगी।
आईपीएच सोलन के अधिशासी अभियंता सुमित सूद ने बताया कि बारिश से अब तक 58 स्कीमें प्रभावित हुई थीं। इन स्कीमों को 5 करोड़ का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की दो से तीन स्कीमों को छोड़कर 90 प्रतिशत स्कीमों को रिस्टोर कर पानी की सप्लाई शुरू की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य स्कीमों को भी जल्द ही दुरुस्त कर पानी की सप्लाई को सुचारु कर दिया जाएगा।