उपायुक्त ने दिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर उपायुक्त ने ली अधिकारियों की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर उपायुक्त सोलन ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली। उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम समारोह के मुख्य अतिथि शहीद स्मारक चंबाघाट में स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे ठोडो मैदान में मुख्यातिथि ध्वजारोहण करेंगे। पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड और विभिन्न स्कूली बच्चों की टुकड़ियां आकर्षक मार्चपास्ट करेंगी। विनोद कुमार ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि वे ठोडो मैदान में आवश्यक प्रबंध करें। उन्होंने पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और नगर परिषद को निर्देश दिए कि वे ठोडो मैदान में सभी व्यवस्थाएं करें। उन्होंने कहा कि इस दिन मैदान में पेयजल व्यवस्था और रोगी वाहन की तैनाती सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, मेधावी छात्रों व खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परेड की रिहर्सल 11 अगस्त को सुबह 10:00 बजे ठोडो मैदान में शुरू होगी। इस अवसर पर स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।