सोलन। सोलन इंटक ने रविवार को बैठक का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता जिला इंटक प्रधान सुरजीत राणा ने की। बैठक में करीब 150 कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पास किए गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बधाई दी गई। जिला प्रधान ने कहा कि इंटक को पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री मजदूरों, कर्मचारियों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करेंगे। इस दौरान मांगें रखी गईं कि 15 मई 2003 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए। कहा कि नई पेंशन योजना कर्मचारी हित में नहीं है।
आईपीएच विभाग में पूरे प्रदेश में करीब 6500 वाटर गार्ड कार्यरत है। इन्हें 5 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने के बाद दैनिक वेतनभोगी और 10 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने के बाद नियमित किया जाए। कहा कि अभी इन्हें 1700 रुपये वेतन प्रतिमाह दिया जा रहा है। इनके वेतन भुगतान के लिए सरल नीति बनाई जाए। और जो वेतन 2500 रुपये प्रतिमाह किया गया है उसकी अधिसूचना शीघ्र की जाए।
कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जुलाई 2017 से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार भी जताया गया। डॉ. राजीव बिंदल को विधानसभा अध्यक्ष बनने और डॉ. राजीव सैजल को कैबिनेट मंत्री बनने के लिए भी बधाई दी गई। बैठक में चर्चा की गई कि आईपीएच मंडल सोलन में इस समय 167 वाटर गार्ड कार्यरत हैं। इन्हें 6-7 माह से वेतन नहीं मिला। इस कारण इन वाटर गार्डों के परिवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों की रिटारयमेंट की आयु सीमा 58 से 60 वर्ष करने की भी मांग की गई। पेयजल योजनाओं में स्टाफ के अभाव, फोरमैनों की नियुक्ति, श्रम कानून का सख्ती से पालन और ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में महासचिव नीताराम, घनश्याम, इंद्र सिंह, धर्मपाल, हरनाम, लीलादत्त, जियालाल, रामकिशन, राजेंद्र ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।