इंडिया ऑयल कार्पोरेशन एफटीएल योजना के तहत मुहैया करवाएगा पांच किलो का गैस सिलेंडर, बुकिंग का झंझट खत्म
शहर की चार जगहों पर मिलेंगे लोगों को गैस सिलेंडर
आधार कार्ड और सिलेंडर की देनी होगी सिक्योरिटी
ललित कश्यप
सोलन।
घरेलू गैस सिलेंडर (एलपीजी) की किल्लत से अब स्थानीय लोगों और बाहरी राज्यों से आए विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। इंडिया ऑयल कार्पोरेशन ने उपभोक्ताओं के लिए फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) योजना शुरू की है। इसके तहत उपभोक्ताओं को अब एलपीजी गैस लेने के लिए गैस एजेंसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उपभोक्ताओं की यह छोटी जरूरतें अलग-अलग स्थानों पर खोले चार डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर पर पूरी हो सकेगी। एफटीएल के तहत पांच-पांच किलोग्राम के सिलेंडर को सोलन में भी लांच किया है। इसमें एफटीएल सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ता को अपना आधार कार्ड और रेजिडेंशियल प्रूफ देना होगा। एफटीएल सिलेंडर लेने के लिए सिलेंडर की सिक्योरिटी ली जाएगी। इस सिलेंडर को आप देश के किसी भी कोने में आराम से भरवा सकते हैं। दूसरे स्थान पर जाने के लिए कोई भी गैस कनेक्शन ट्रांसफर करने की आवश्यकता नहीं है। यदि आप सिलेंडर वापस करना चाहते हैं तो आप उसे वापस कर अपनी सिक्योरिटी ले सकते हैं। इससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी वर्तमान में गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को सिलेंडर भरवाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो सिलेंडर की किल्लत के चलते लोगों को समय पर सिलेंडर भी नहीं मिलता है। शिक्षा का हब कहलाने वाले सोलन में दर्जनों विवि और अन्य शिक्षण संस्थान हैं। इसके चलते यहां पर विभिन्न जिलों सहित विदेशों से भी विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं। यहां पर किराए में कमरा लेने के बाद सबसे ज्यादा जरूरत गैस सिलेंडर की होती है। लेकिन गैस कनेक्शन आसानी से नहीं मिल पाता है। ऐसे में अब एफटीएल सिलेंडर योजना कर्मचारियों और छात्रों के लिए काफी लाभदायक साबित होने वाली है। इसके लिए सिर्फ उन्हें अपना स्थायी पता, आधार कार्ड सहित सिलेंडर की सिक्योरिटी को भरना पड़ेगा। इसके बाद उन्हें आसानी से सिलेंडर मिल जाएगा। वह यहां से जाना चाहे तो उसके बाद इन सिलेंडर को वापस कर इसकी दी गई सिक्योरिटी को भी वापस ले सकते हैं।
उठाने के लिए है आसान
यह सिलेंडर को आसानी से कहीं भे ले जाया जा सकता है। उपभोक्ताओं जिनकी सिलेंडर की कम जरूरत है, उनके लिए यह सिलेंडर लाभदायक साबित होंगे। साथ ही छोटे कार्यक्रमों और पिकनिक में ले जाना भी इन सिलेंडरों को आसान है। छात्रों और अकेले रहने वाले लोगों को भी एफटीएल के तहत सिलेंडर प्राप्त करने में सुविधा होगी। इन्हें 14 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर या कनेक्शन लेने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
यहां मिलेंगे एफटीएल सिलेंडर
इंडेन गैस के विक्रेता विपुल गैस एजेंसी के मालिक विपुल गोयल ने बताया कि एफटीएल सिलेंडर चार स्थानों पर मिलेंगे। इसके तहत इंडेन एफटीएल पांच किलो सिलेंडर आम जनता को उपलब्ध करवाया जाएगा। यहां के ठाकुर जनरल स्टोर नया बस स्टैंड, संगीता अस्पताल रोड, संजना डमरोग रोड और अतुल गंज बाजार में यह सिलेंडर उपलब्ध है।