पंजाब, हरियाणा में गर्मी बढ़ने से सैलानियों ने किया पहाड़ों का रुख
सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी कसी कमर, गश्त बढ़ाई
कालका से शिमला के लिए सभी ट्रेनें भी मई माह तक हुई पैक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। वीकेंड को लेकर जिले के पर्यटन स्थल चायल, बड़ोग और कसौली समेत शिमला में पर्यटकों की आवाजाही बढ़नी शुरू हो गई है। इसके लिए पर्यटक पहले से ही कसौली, चायल में एडवांस बुकिंग कर रहे है। शनिवार और रविवार के लिए शुक्रवार दोपहर बाद तक 70 प्रतिशत एडवांस बुकिंग हो गई है। जबकि शनिवार तक 90 फीसदी होने की उम्मीद है। एक साथ आने वाली छुट्टियों को लेकर पर्यटक पहले से ही बुकिंग कर रहे है। पर्यटक सीजन को लेकर कालका से शिमला तक ट्रेनें भी पैक है। मई तक एडवांस बुकिंग हुई है। जानकारी के अनुसार पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अधिक गर्मी होने से पर्यटकों ने प्रदेश का रुख करना शुरू कर दिया है। पर्यटकों के हिमाचल में रुख करने को लेकर कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर भी वाहनों की आवाजाही बढ़नी शुरू हो गई है। इसके चलते प्रवेश द्वार परवाणू टोल बेरियर समेत आसपास के क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम को भी बढ़ा दिया है। प्रदेश को हरियाणा राज्य से जोड़ने वाला कालका-शिमला एनएच पर हुड़दंग मचाना और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देकर बचकर निकलना आसान नहीं होगा। पुलिस प्रशासन ने एनएच समेत पर्यटक स्थलों पर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए है। एनएच के कई क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक नए हाई विजन सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही है। बता दें पिछले कई वीकेंड से होटल कारोबार में मंदी छाई हुई थी। लेकिन इस बार वीकेंड पर एक साथ कई छुट्टियां आने से पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ने की उम्मीद है। इसका मुख्य कारण बाहरी राज्यों में अधिक गर्मी होना भी बताया जा रहा है। जिससे बाहरी राज्यों के लोग ठंडक के लिए पहाड़ी क्षेत्र का रुख कर रहे है।
वीकेंड को लेकर एडवांस बुकिंग आना शुरू हो गई है। जबकि पिछले कई वीकेंड मंदी में गुजर गए है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही ओर अधिक होने की भी संभावना है।
देवेंद्र वर्मा,अध्यक्ष,चायल होटल एसोसिएशन