बद्दी में आईआरजी संस्था की ओर से आयोजत प्रिशिक्षण शिविर में आशा वर्कर- संवाद।
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और समुदाय में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बद्दी में आईआरजी संस्था ने ग्लेनमार्क के सहयोग से एक महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में बद्दी क्षेत्र की 62 आशा वर्करों समेत अन्य महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिन्हें मातृ, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था की उचित देखभाल, सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशु की देखभाल, नियमित टीकाकरण और माता के पोषण से संबंधित ज्ञान को सुदृढ़ बनाना था। कार्यक्रम अधिकारी बलजिंद्र सिंह ने आशा वर्करों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के हर घर तक पहुंचाने में उनका योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर ही स्वास्थ्य व्यवस्था की आधारशिला हैं। ग्लेनमार्क प्रतिष्ठान से जुड़ी एमबीबीएस, एमडी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजलि गोयल ने चिकित्सकीय पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व और प्रसव पश्चात देखभाल, उचित पोषण और टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इन चीजों पर ध्यान देकर शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। सत्र का संचालन स्वास्थ्य कार्यकर्ता संगीता चंदेल और सुषमा शर्मा ने किया। उन्होंने फील्ड में आने वाली चुनौतियों और अपने अनुभवों को साझा किया।