सोलन। लंबे विवाद के बाद आखिरकार सेंट ल्यूक्स स्कूल प्रबंधन को अभिभावकों के सामने झुकना पड़ा है। विरोध-प्रदर्शन को शांत करने के लिए स्कूल प्रबंधन ने बढ़ाई हुई एकमुश्त फीस को वापस लेने का फैसला लिया है। इस फैसले से नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के अभिभावकों को फायदा मिलेगा। उन्हें करीब 12 हजार रुपये अब एकमुश्त नहीं देने होंगे। इससे पूर्व स्कूल प्रबंधन ने साल भर चलने वाली गतिविधियों के नाम पर अभिभावकों को एकमुश्त फीस स्कूल में जमा करवाने के निर्देश जारी किए थे। इससे नौवीं से बारहवीं तक की फीस में करीब 12 हजार रुपये की बढ़ोतरी हो गई थी। अभिभावक इससे नाराज होकर सड़क पर उतर आए थे। अब स्कूल प्रबंधन को यह निर्णय वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
बुधवार को स्कूल प्रबंधन ने अप्रैल माह से लागू होने वाली फीस को एकमुश्त न लेने का ऐलान कर दिया। हालांकि अब स्कूल प्रबंधन समय-समय पर होने वाली शैक्षणिक, खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए छात्रों से फीस लेता रहेगा। इससे अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने बताया कि अब अभिभावकों को एकमुश्त पैसे नहीं देने पड़ेंगे।
प्रिंसिपल इसाबेल एजनेस ने बताया कि अप्रैल माह में अब अभिभावकों को एकमुश्त फीस नहीं भरनी होगी। इसके स्थान पर स्कूल प्रबंधन अब आयोजनों के दौरान ही फीस लेगा। उन्होंने बताया कि पहले स्कूल प्रबंधन ने निर्णय लिया था कि एकमुश्त फीस ली जाएगी और सत्र के मध्य में छात्रों से किसी भी तरह की फीस नहीं ली जाएगी। लेकिन, अभिभावकों के विरोध के बाद यह निर्णय वापस ले लिया गया है।
सेंट ल्यूक्स अभिभावक एसोसिएशन की अध्यक्ष देवनी शर्मा ने बताया कि यह सभी अभिभावकों की जीत है। उन्होंने कहा कि सेंट ल्यूक्स स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों की समस्या को समझा इसके लिए उनका यह कदम भी स्वागत योग्य है। अभिभावकों को 12 हजार रुपये तक की राहत अप्रैल माह में मिलेगी। भविष्य में सेंट ल्यूक्स अभिभावक एसोसिएशन को पंजीकृत करवाया जाएगा।