100 परिवारों को बांटी एक हजार की पेंशन
जुब्बड़ में कमजोर वर्गों के परिवारों के लिए मेसर्स पेरूवाल ने किया आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जुब्बड़ में मेसर्स पेरूवाल प्राइवेट लिमिटेड ने कमजोर वर्गों के 100 परिवारों को एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन के चेक वितरित किए। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कमजोर वर्गों एवं पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए 2019-20 में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग 2543 करोड़ रुपये व्यय करेगा। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद सीआरपीएफ के जवानों को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सैजल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निपटारे के निर्देश दिए। इस मौके पर मेसर्स पेरूवाल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हरबिंद्र सिंह पुरेवाल, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के प्रधान और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य मदन मोहन मेहता, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुंदरम ठाकुर, लाज किशोर वर्मा, ग्राम पंचायत धर्मपुर के प्रधान सुशील शर्मा, तहसीलदार कसौली कपिल तोमर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।