सोलन। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वैक्सीन को लेकर तीसरे सेशन का आयोजन वीरवार को किया। इसमें जिला भर में 582 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन दी गई। इसके लिए कुल सात सेंटर विभाग ने बनाए थे। इसमें आयुर्वेदिक अस्पताल में 100, पीएचसी बातल में 100, सीएचआई काठा बद्दी में 100, इएसआई परवाणू में 93, कंडाघाट अस्पताल में 41, एमएमयू कुमारहट्टी में 100, सीएचसी रामशहर में 48 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा गया।
अब देखना है कि निर्धारित लक्ष्य में से कितने कर्मियों ने वैक्सीन ली है। गर्भवती महिलाओं, दूध पिलाने वाली माताओं और बीमार लोगों को कोरोना वैक्सीन नहीं दी गई है। इन्हें स्वास्थ्य होने के बाद शामिल किया जाएगा। प्रथम सेशन में 200 स्वास्थ्य कर्मियों की सूची, दूसरे सेशन में 588 और तीसरे सेशन में कुल 582 स्वास्थ्य कर्मियों को शामिल किया है।
लगातार कर्मियों की सूची बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए अधिकतर सेंटरों का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जाकर मौके का मुआयना भी किया। उधर, सीएमओ सोलन डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि तीसरे सेशन में 582 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा गया। जैसे ही निदेशालय से निर्देश मिल रहे हैं, उसी हिसाब से सेशन को लगाने का कार्य जारी है।