स्कूल के खिलाफ अभिभावकों का प्रदर्शन, रैली निकाल की नारेबाजी
कंडाघाट में पीटीए का गठन करने के बाद भी फीस वृद्धि सहित अन्य समस्याओं पर नहीं की चर्चा
जिला प्रशासन से पीटीए बैठक बुलाने की अभिभावकों ने उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
कंडाघाट(सोलन)। दयानंद आदर्श विद्यालय कंडाघाट के खिलाफ अभिभावकों ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत सोमवार को अभिभावकों ने धरना-प्रदर्शन कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप करने के से मामला शांत हो सका। इस दौरान जब अभिभावक स्कूल प्रधानाचार्य से मिलने गए तो प्रबंधन ने बताया कि वह आज छुट्टी पर हैं। इसके बाद अभिभावक कंडाघाट से धरना-प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। यहां पर उन्होंने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान को ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों ने बताया कि बुधवार 20 मार्च को स्कूल में पीटीए का गठन किया था। इसमें एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान, तहसीलदार ओपी मेहता, शिक्षा उपनिदेशक सोलन योगेंद्र मखैक भी उपस्थित थे। इसके गठन करने के बाद स्कूल की विभिन्न समस्या सहित की गई फीस बढ़ोत्तरी को कम करने पर चर्चा की जानी थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से इस विषय पर कोई भी चर्चा नहीं की गई। इसके बाद मजबूरन अभिभावकों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने जिला प्रशासन को इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। इस मौके पर अभिभावकों ने बाजार में रैली भी निकाली।
प्रशासन भी नहीं दिखा रहा गंभीरता
इस मौके अभिभावकों ने एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान को बताया कि प्रशासन भी उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अध्यक्षता में ही पीटीए का गठन किया गया था, बावजूद इसके अभी तक स्कूल समस्याओं को लेकर कोई भी बैठक आयोजित नहीं की गई है। उन्होंने मांग की है कि स्कूल प्रबंधन पीटीए की बैठक बुलाए जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहें।
उपायुक्त सोलन को भेजी गई है रिपोर्ट
एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान ने कहा कि यह मामला उनकी संज्ञान में है। वहीं इस मामले की रिपोर्ट सोमवार की शाम उपायुक्त सोलन को सौंप दी जाएगी। इसमें आज तक हुई सभी गतिविधियों सहित प्रशासन के साथ हुई बातचीत सभी शामिल है। जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
कंडाघाट से बाहर हूं : प्रधानाचार्य
स्कूल प्रधानाचार्य सुमन सूद ने बताया कि वह छुट्टी पर हैं। जब वह वापस स्कूल आएंगी, तभी इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया दे पाएंगी।