सूखे की जद में 40 पेयजल और सिंचाई योजनाएं
योजनाओं में 25 प्रतिशत तक आई पानी की कमी
सोलन खंड में हैं पेयजल व सिंचाई की कुल 372 योजनाएं
सतवीर सिंह
सोलन। बढ़ती गर्मी के चलते सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग सोलन खंड की 40 पेयजल और सिंचाई योजनाएं सूखने की कगार पर हैं। इन योजनाओं में 25 प्रतिशत तक पानी की गिरावट आ चुकी है। बारिश न होने की वजह से नदियों का गिरता जलस्तर इसका कारण बनता जा रहा है। यदि समय रहते बारिश न हुई तो यह योजनाएं सूख जाएंगी।
सोलन खंड में कुल 372 पेयजल व सिंचाई योजनाएं हैं। इनमें से 40 स्कीमों में 20 प्रतिशत तक पानी की कमी आ चुकी है। साथ ही 20 योजनाओं में से मात्र 50 प्रतिशत पानी ही फिलहाल अभी आ रहा है।
विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 372 में से सिंचाई की 56 योजनाएं हैं। जबकि, 316 योजनाएं पेयजल की हैं। इनसे हजारों परिवारों को पानी की सप्लाई की जाती है।
एलडब्ल्यूएसएस पट्टा बरावरी, कटोह रिराड़, कुहारी क्यारटू, जाबली, ठाकुरद्वारा योजनाओं सहित अन्य 35 पेयजल और सिंचाई योजनाओं में पानी कम हो चुका है। बारिश न होने की वजह से इन पर खतरा मंडराने लगा है। पानी की कमी से जूझ रही योजनाओें से अलग-अलग जगह पानी की आपूर्ति की जाती है। साथ ही पानी की कमी से कोई योजना प्रभावित न हो यह सबकुछ नदी के जलस्तर पर निर्भर करता है। अभी भी सोलन में पानी की कमी के चलते कहीं 2 तो कहीं 5 दिनों बाद ही लोगों को पानी की आपूर्ति विभाग द्वारा की जा रही है। पानी की कमी को लेकर हर तरफ त्राहि-त्राहि का माहौल बनता जा रहा है। कई जगह लोगों को कई किलोमीटर सफर तय कर प्राकृतिक जलस्रोत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। साथ ही टैंकरों से भी सप्लाई मंगवानी पड़ रही है।
इनसेट...
योजनाओं में कम हुआ है पेयजल स्तर : विभाग
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता सुमित सूद ने बताया कि सोलन खंड में 372 योजनाएं हैं। 316 पेयजल योजनाएं है व 56 सिंचाई योजनाएं हैं। उन्होंने बताया कि 40 योजनाओं में बारिश न होने की वजह से 25 प्रतिशत तक पानी की कमी आ चुकी है। अन्य 20 योजनाओं में भी 50 प्रतिशत ही पानी आ रहा है। विभाग का हरसंभव प्रयास रहता है कि पानी की आपूर्ति सुचारु रहे। पानी की ज्यादा कमी को देखते हुए विभाग द्वारा टैंकरों से भी पानी की सप्लाई की जाती है।