अर्की (सोलन)। उपमंडल की पंचायत पलोग के मांजू गांव में बलबीर कौंडल पुत्र रामस्वरूप कौंडल के कच्चे मकान की दो दीवारें कल शाम लगभग साढ़े पांच बजे अचानक गिर गई। भवन की यह दीवारें जिस समय गिरीं उस समय परिवार का कोई भी सदस्य मकान के अंदर नहीं था। इस कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इसकी सूचना उन्होंने पंचायत प्रधान योगेश चौहान को दी जोकि सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचे और वहां का पूरा जायजा लिया। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए उनकी पूरी सहायता करने का आश्वासन भी दिया। बलबीर कौंडल गरीब परिवार से संबंध रखता है। उसने रुंधे हुए स्वर में बताया कि ये नुकसान उसके लिए बहुत भारी नुकसान है। इसकी भरपाई करना उसके बस की बात नहीं है।
खर्चों की बात पर उसने कहा कि वह मात्र मजदूरी करके ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता है और अगले महीने उनके स्वर्गीय पिता की पहली बरसी भी है। इसके लिए वह थोड़े-थोड़े पैसे इकट्ठे कर रहा था पर अब अचानक हुए इस मकान के नुकसान से पूरा परिवार ही सदमे में है। पंचायत प्रधान द्वारा तुरंत इसकी सूचना उपमंडल अधिकारी (ना.) अर्की को दी गई और उनसे बलवीर की हर संभव सहायता करवाने का आग्रह किया। एसडीएम ने इस मामले में तहसीलदार को जांच के आदेश जारी किए हैं और स्थिति का जायजा लेकर उसकी रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने की बात कही है। उधर रविवार सुबह ही पटवारी पटवारवृत्त मांजू राधाकृष्ण शर्मा मौके पर पहुंचे। पटवारी राधाकृष्ण शर्मा ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट वह सोमवार को तहसीलदार को सौंपेेंगे।
अब नहीं बचा कोई ठिकाना : कौंडल
बलबीर कौंडल ने बताया कि मकान गिरने की वजह से उसे भारी नुकसान हुआ है। अब उसके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं है। वह मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था लेकिन अब उसे मकान गिरने की वजह से भारी नुकसान उठाना पड़ा है। वह आईआरडीपी में आता है और अब उसके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह मकान को दोबारा से बनाएं।