सोलन। जिलाभर में कैंसर से जूझ रहे मरीजों को अब उपचार के लिए सोलन से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। कैंसर के मरीजों का उपचार सोलन अस्पताल में ही हो जाएगा। अस्पताल में कीमोथेरेपी की सुविधा शुरू कर दी गई है। यहां मरीज को दिए जाने वाले इंजेक्शन और दवाएं जन औषधि केंद्र में मुहैया करवाई जाएंगी। अब तक पांच मरीजों को कीमौथेरेपी दी जा चुकी है। अस्पताल में गरीबी रेखा से नीचे के सभी मरीजों का उपचार मुफ्त में होगा। गरीबी रेखा से ऊपर के मरीजों को 80 फीसदी बचत पर इंजेक्शन उपलब्ध करवाए जाएंगे।
सोलन जिला में फरवरी के बाद से अब तक 63 कैंसर रोगियों की पुष्टि हुई है। अस्पताल प्रबंधन ने सभी तरह की दवाएं जन औषधि केंद्र शिमला से खरीदी है। गौरतलब है कि सोलन में इससे पूर्व कैंसर के मरीजों को किसी तरह का उपचार नहीं दिया जाता था। रोग की पुष्टि होने पर मरीज को आईजीएमसी शिमला या फिर चंडीगढ़ रेफर करना अस्पताल प्रबंधन की मजबूरी बन गया था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा और भविष्य में सभी रोगी सोलन अस्पताल में उपचार का लाभ ले पाएंगे।
1800 रुपये में मिलेगा 14 हजार का इंजेक्शन
कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि कैंसर के रोगियों को कीमोथेरेपी के दौरान लगने वाले इंजेक्शन की कीमत 14 हजार रुपये है। निजी अस्पताल में रोगियों से यही फीस वसूली जा रही है। लेकिन सोलन अस्पताल में आईआरडीपी के मरीजों को मुफ्त और अधिक आय वाले मरीजों को सिर्फ 1800 रुपये में यह इंजेक्शन लगाया जाएगा। बताया कि अस्पताल प्रबंधन कैंसर रोगियों के उपचार में सरकार की गाइड लाइन पर काम करेगा और जो भी निर्देश स्वास्थ्य विभाग से मिलेंगे उन पर अमल किया जाएगा।
80 फीसदी छूट पर मिलेंगी दवाएं : एमएस
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेश गुप्ता ने बताया कि कैंसर यूनिट को चलाने के लिए प्रबंधन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। पहली बार सोलन में कीमोथेरेपी का प्रबंध किया है। मरीजों को अस्सी प्रतिशत छूट पर दवाएं और इंजेक्शन लगाया जाएगा। बताया कि अस्पताल प्रबंधन भविष्य में इस यूनिट में मरीजों को और बेहतर उपचार देने का प्रयास करेगा।
केमिकल युक्त सब्जियों
से बढ़ रहा है कैंसर रोग
सोलन जिला में कैंसर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोलन अस्पताल में अब तक 63 मामले पंजीकृत हो चुके हैं। डॉ. संजीव गुुप्ता ने बताया कि लोगों की बदलती जीवनशैली की वजह से इस रोग में बढ़ोत्तरी हुई है। केमिकल युक्त सब्जियां, फल और फास्ट फूड की वजह से कैंसर रोग बढ़ रहा है। इसके अलावा एक्सरसाइज न करने और मोटापा बढ़ने की वजह से भी लोग कैंसर रोग का शिकार हो रहे हैं।