सोलन में राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों का निपटारा करते न्यायाधीश। संवाद
जिले में 12 बेंचों की लोक अदालतों का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सोलन जिला के सभी न्यायालयों में किया गया, इसमें जिला सोलन के उपमंडल नालागढ़, कसौली, अर्की और सोलन मुख्यालय में 12 लोक अदालत बेंचों का गठन किया गया। सितंबर माह में प्री लोक अदालत सीटिंग भी करवाई गई। इन लोक अदालतों का आयोजन अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन अरविंद मल्होत्रा की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान न्यायालयों में मामलों के निपटारे के लिए लोगों की भीड़ लगी रहीं। लोग अपने जमीन, चालान समेत आपसी झगड़ों के मामले लेकर न्यायालय में पहुंचे, जिसमें अधिकांश मामलों को मौके पर निपटाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सोलन आकांक्षा डोगरा ने बताया कि इस दौरान कुल 6,944 मामलों को सुनवाई के लिए प्री लोक अदालत सीटिंग एवं लोक अदालत की विभिन्न बैंचों के समक्ष रखा गया। इसमें से 4,884 मामलों का निपटारा विभिन्न पक्षों की आपसी सहमति से किया गया। इन मामलों में कुल समझौता राशि 19,28,59646 रुपये रही। इन मामलों में 5,514 मोटर व्हीकल चालानों को भी विभिन्न बैंचों के समक्ष रखा गया। इसमें से कुल 3945 मामलों का निपटारा किया गया।