तंबाकू मुक्त स्वस्थ्य विद्यालय कार्यक्रम के तहत जागरूक करते हुए विद्यार्थी। स्रोत: स्कूल प्रबं
शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू पदार्थों के उपयोग पर रोक लगाने पर दिया सम्मान
अंबुजा फाउंडेशन व सलाम मुंबई फाउंडेशन ने चलाया विशेष अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट में तंबाकू मुक्त स्वस्थ विद्यालय कार्यक्रम का आयोजन अंबुजा फाउंडेशन और सलाम मुंबई फाउंडेशन के मार्गदर्शन में किया गया। इस कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू पदार्थों के उपयोग पर रोक लगाने और तंबाकू नियंत्रण से संबंधित सभी 9 निर्धारित मानकों को पूरा करने पर 48 विद्यालयों को तंबाकू मुक्त विद्यालय का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अंबुजा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस पहल से विद्यार्थी अपने अध्ययन काल से ही तंबाकू मुक्त जीवन की शुरुआत कर पा रहे हैं। तंबाकू मुक्त विद्यालय की यह पहल किशोरावस्था में विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वस्थ परिवेश और सकारात्मक वातावरण के निर्माण में मदद करती है। स्वास्थ्य कार्यक्रम समन्वयक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि तंबाकू मुक्त विद्यालय कार्यक्रम के तहत 48 विद्यालयों को जोड़ा गया है, जिससे बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक आदतों का विकास संभव हो सके। वहीं, संजय शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी के कारण ही तंबाकू मुक्त स्वस्थ विद्यालय के सभी 9 मानकों को पूरा किया जा सका है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता रैलियां, चित्रकला प्रदर्शनियां, जागरूकता सत्र, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और शिक्षकों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा, निरंतर प्रयासों से तंबाकू और नशे के खिलाफ संवाद किया गया। इस अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और सखी कार्यकर्ताओं का भी विशेष सहयोग रहा।